
जमशेदपुर : टीएसडीपीएल के जमशेदपुर में दो प्लांट में कोरोना वैक्सीन को लेकर अलग-अलग नियम अपनाए जाने का मामला सामने आया है। जमशेदपुर के ही बारा प्लांट में कोरोना वैक्सीन लेने के लिए कर्मचारियों को एक दिन की छुट्टी दी जाती है, वहीं टाटा स्टील के भीतर स्थित सीआर प्लांट में छुट्टी नहीं दी जा रही है। सीआर प्लांट के कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार की शिकायत प्रकाश में आ रही है। इसकी जानकारी मिलने पर यूनियन नेताओं ने अपना विरोध जताया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यूनियन के महामंत्री अमन सिंह ने इसकी जानकारी यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय व उच्च प्रबन्धन को दी। इस मामले में स्थानीय अधिकारी द्वारा गड़बड़ी की गयी जिस पर उच्च प्रबंधन के नाराज होने की सूचना है। कर्मचारियों का कहना है कि टाटा स्टील कर्मचारियों का ख्याल रखते हुए वैक्सीन लेने के लिए कर्मचारियों को एक दिन की छुट्टी देती है और टीएसडीपीएल के उच्च प्रबंधन ने भी कर्मचारियों के हित में यह फैसला लिया पर कुछ पदाधिकारी अपने स्वार्थ में कंपनी की छवि खराब कर रहे है।
यूनियन अध्यक्ष और प्रबंधन को दी जानकारी : अमन
यूनियन के महामंत्री अमन सिंह ने बताया कि इसकी जानकारी जब उन्हें हुई तो उन्होंने यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय और कम्पनी के अपने वरीय पदाधिकारियों को अवगत करवा दिया।
यूनियन महामंत्री अमन सिंह को कमजोर करने का प्रयास
इस मामले में सीआर प्लांट के कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ स्थानीय पदाधिकारी यूनियन के महामंत्री अमन सिंह को कमजोर करने का प्रयास कर रहे है, जिसका यह एक प्रमाण है। कर्मचारियों का कहना है कि अमन सिंह का कार्यक्षेत्र सीआर प्लांट ही है इसलिए वहां के कर्मचारियों की सुविधा में कटौती कर उसके खिलाफ माहौल बनाने का यह प्रयास था। सीआर प्लांट के कर्मचारियों के साथ हुए भेदभाव की भरपाई कैसे होगी या इस गलती के लिए जिम्मेवार पदाधिकारी के विरुद्ध क्या कार्रवाई होगी यह तो उच्च प्रबन्धन तय करेगा।













