जमशेदपुर : यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) के तुरामडीह माइंस में कथित रूप से रद्द आरसी एवं समाप्त फिटनेस वाले वाहन से विस्फोटक सामग्री के परिवहन से जुड़े मामले को लेकर वरिष्ठ नेता सतीश कुमार सिंह के नेतृत्व में जितेंद्र सिंह, पप्पू राव, विवेक पांडेय एवं अन्य लोगों ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. ज्ञापन में वाहन संख्या जेएच 05एएफ 4450 के उपलब्ध अभिलेखों में आरसी स्टेटस कैंसल, फिटनेस की वैधता 09 अगस्त 2020 तक तथा टैक्स की वैधता 09 दिसंबर 2021 तक दर्शाए जाने का उल्लेख करते हुए संबंधित तारीख पर वाहन के वैध दस्तावेजों और विस्फोटक परिवहन की अनुमति की जांच की मांग की गई है. (नीचे भी पढ़े)
प्रतिनिधिमंडल ने मैगजिन रजिस्टर, आरइ 6 फार्म, स्टॉक रजिस्टर, डिस्पैच चालान, गेट पास, वेहिकल लॉग बुक और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखकर उनका सत्यापन कराने का आग्रह किया. साथ ही विस्फोटक सामग्री जारी करने एवं वाहन की अनुमति व दस्तावेजों के सत्यापन में शामिल संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की जांच की मांग की गई. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए. विधायक सरयू राय से मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित सक्षम प्राधिकारियों के समक्ष विषय उठाने का भी आग्रह किया गया.




