जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी स्थित बुधराम मोहल्ला कमल चौक के उपकार संघ मंदिर प्रांगण में श्रीश्री सार्वजनिक शारदीय नवरात्रि जंवारा पूजा का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है. इस पावन अवसर पर कुल 23 अखंड ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए. पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान पुरोहित सुरेश शर्मा के सान्निध्य में संपन्न हो रहे हैं. धार्मिक आयोजन के अंतर्गत संध्या 8 बजे से जसगीत का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा. श्रद्धालुओं ने माता रानी की आराधना कर सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)

उपकार संघ द्वारा आगामी धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि महापंचमी के दिन संध्या 4 बजे से माता के अस्त्र-शस्त्र लेने के लिए बाना आगवानी का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस वर्ष महासप्तमी से महानवमी तक महाभोग वितरण की व्यवस्था की गई है. महाभोग प्राप्त करने के लिए कूपन उपकार संघ कार्यालय में उपलब्ध हैं. श्रद्धालु कार्यालय से कूपन प्राप्त कर सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, महानवमी के दिन प्रातः 7 बजे मां जगदम्बा की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो उपकार संघ मंदिर प्रांगण से कपाली नदी घाट की ओर प्रस्थान करेगी. इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है. इस अवसर पर उपकार संघ के अध्यक्ष सतपाल साहू, उपाध्यक्ष उमाशंकर शर्मा, महासचिव विश्वकर्मा वर्मा, सचिव राजीव वर्मा, कोषाध्यक्ष नरेन्द्र साहू, बालकृष्ण साहू, हेमंत साहू सहित उपकार संघ के सभी सदस्यगण उपस्थित रहे. उपकार संघ ने सभी श्रद्धालुओं से नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर मां जगदम्बा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है.








