
जमशेदपुर : केंद्र सरकार के कृषि कानून के विरोध में बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों के समर्थन में जमशेदपुर के विभिन्न संगठन एकजुट होने लगे हैं. इसी कड़ी में बुधवार को विभिन्न संगठनों ने एक मंच पर आकर आंदोलनरत किसानों के समर्थन में आवाज बुलंद की. साथ ही केंद्र सरकार के कृषि कानून का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग की.
इससे पूर्व किसान आंदोलन एकता मंच, एआईडीएसओ, एआईएमएसएस समेत अन्य संगगठनों के बैनर तले कार्यकर्ता व छात्र साकची स्थित आम बागान मैदान में एकत्र हुए. वहां से सभी जुलूस की शक्ल में साकची गोलचक्कर पहुंचे और धरना दिया. इस दौरान केंद्र सरकार व कृषि कानून विरोधी नारे लगाये गये. एआईडीएसओ व एआईएमएसएस कार्यकर्ताओं ने थाली व ताली बजा कर कृषि कानून का विरोध किया.
वक्ताओं ने कहा कि यह कानून किसी भी तरीके से किसानों के हित में नहीं है. अत: आंदोलनरत किसानों की मांग पर विचार करते हुए इस कानून को समाप्त कर दिया जाना चाहिए. जुलूस व धरना में उक्त संगठनों के अलावा अन्य संगठनों के लोग भी शामिल हुए.



