जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर स्थानीय लोगों की सतर्कता से चोरी की घटना टल गई. कबीर मेमोरियल उर्दू हाई स्कूल के पास एक युवक को गाड़ी चोरी करते रंगे हाथ पकड़ लिया गया. घटना के अनुसार, युवक इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी गाड़ियों के आसपास घूम रहा था, जिसे देख स्थानीय लोगों को उस पर शक हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक बार-बार गाड़ियों के पास जाकर इधर-उधर नजरें घुमा रहा था. इसी दौरान जब उसने एक वाहन का लॉक तोड़ने की कोशिश की, तभी वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया. पकड़ने के बाद लोगों ने मौके पर ही उससे कड़ी पूछताछ की, जिसमें वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. घटना की सूचना तुरत आजादनगर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गई. पुलिस अब युवक से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किसी संगठित गिरोह का हिस्सा है या अकेले ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
इस घटना के बाद इलाके में स्थानीय लोगों की जागरूकता और तत्परता की सराहना की जा रही है. लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह सतर्कता बरती जाए तो अपराधों पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है. वहीं, लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाएं शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.







