जमशेदपुर : मानगो के उलीडीह डिमना बस्ती में खुलेआम चल रही मोबाइल डेली लॉटरी और अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ स्थानीय महिलाएं गोलबंद हो गई हैं. मंगलवार को बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने उलीडीह थाना पहुंच कर इस संबंध में सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज कराई. महिलाओं ने थाना प्रभारी को बताया कि डेली मोबाइल लॉटरी और शराब की भट्ठी ने बस्ती की हालत बदतर कर दी है. नशे की लत के कारण युवक अपने घर का चावल-गेहूं तक बेच दे रहे हैं. स्थिति यह है कि कई परिवार दाने-दाने को मोहताज हो गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार के चलते चोरी, छिनतई, आत्महत्या और आपसी झगड़े जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं. स्थानीय महिला समूह ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की तो वे स्वयं अभियान चलाकर इन अड्डों को ध्वस्त करेंगी. महिलाओं का कहना है कि टाइगर मोबाइल और पीसीआर गाड़ी को कई बार इसकी जानकारी दी गई, किन्तु इसके बावजूद कार्रवाई के बजाय ये अवैध कारोबार और बढ़ते गए. शिकायत सुनने के बाद उलीडीह थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि हर हाल में इस अवैध कारोबार पर विराम लगाया जाएगा. इस दौरान बस्ती के सैकड़ों लोग थाना में उपस्थित थे.











