
जमशेदपुर : झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका चाकुलिया के दौरे पर रविवार को आने वाली है. चाकुलिया आगमन को लेकर उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी सूरज कुमार ने कार्यक्रम स्थल, हैलीपैड, हैलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक का पहुंच पथ तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. राज्यपाल का चाकुलिया प्रखंड में एक कार्यक्रम प्रस्तावित है, जहां वे नया बाजार स्थित कोलकाता पिंजरापोल सोसाइटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी. इसके तहत राज्यपाल दोपहर 12:30 हेलिकॉप्टर से गोशाला मैदान में आगमन होगा जबकि दोपहर 01:40 चाकुलिया(गोशाला मैदान) से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची के लिए प्रस्थान करेंगी. उपायुक्त के चाकुलिया भ्रमण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र जाट, उप विकास आयुक्त परमेश्वर भगत, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, डीआरडीए निदेशक, जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अन्य उपस्थित थे.




