
जमशेदपुरः शहर में लगातार दस दिनों से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. इस हफ्ते भी मौसम में गिरावट देखी जा सकती है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम विक्षोभ का एक टर्फ लाइन पूरे उत्तर भारत में सक्रिय है. इसका विस्तार हिमालय की तराई वाले इलाके से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड से होते हुए बंगाल तक है. जमशेदपुर शहर में सुबह से धूप रहती है, वहीं दोपहर बाद बादल के साथ कभी बूंदाबांदी तो कभी तेज वर्षा होती है. मौसम विभाग ने आज यानी बुधवार का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है. इसी के साथ बारिश 4.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई है. वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं शुक्रवार और शनिवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. जहकि रविवार से मौसम साफ होने के साथ ही प्रचंड धूप होने की संभावना है.











