जमशेदपुर : फिल्म निर्माता, निर्देशक और लेखक प्रसनजीत महतो की बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘वन लाइफ रिमेनिंग’ का आधिकारिक ट्रेलर रविवार को रूसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस में लॉन्च किया गया. प्रसनजीत महतो के अनुसार, यह झारखंड की पहली डरावनी वेब सीरीज है. छह कड़ियों वाली यह वेब सीरीज 20 सितंबर को यूट्यूब पर दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी. ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर की. कार्यक्रम में करीम सिटी कॉलेज के जनसंचार विभाग की विभागाध्यक्ष नेहा तिवारी, जीआर-8 के कुमार विवेक, समाजसेविका पूर्वी घोष तथा प्रसनजीत महतो के पिता बीएच महतो और माता शारदा देवी मौजूद रहे. अतिथियों ने प्रसनजीत महतो और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर के कलाकारों ने निभायी प्रमुख भूमिका : वेब सीरीज में अत्रि भट्टाचार्य, कुणाल सन्नीग्रही, सुभाशीष घोष, साईं सुजल, पी. दामिनी, पी. यामिनी और रोनी फिलिप्स ने प्रमुख भूमिकाएं निभायी हैं. सभी कलाकार जमशेदपुर के रहने वाले हैं. वेब सीरीज की पूरी शूटिंग जमशेदपुर के अलग-अलग क्षेत्रों में की गयी है. प्रसनजीत महतो इससे पहले वर्ष 2020 में ‘द बॉस’ नामक हास्य फिल्म बना चुके हैं. ‘वन लाइफ रिमेनिंग’ का पृष्ठभूमि संगीत भी उन्होंने स्वयं तैयार किया है. (नीचे भी पढ़ें)
छह कड़ियों में दिखेगी अलग कहानी : प्रसनजीत महतो ने कहा कि ‘वन लाइफ रिमेनिंग’ उनके दिल के बेहद करीब है. यह सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि ऐसे इंसान की कहानी है जो जिंदगी के आखिरी पड़ाव पर भी हार नहीं मानता. उन्होंने बताया कि वेब सीरीज में कुल छह कड़ियां हैं और 20 सितंबर को पूरी सीरीज यूट्यूब पर जारी की जाएगी. उन्हें उम्मीद है कि दर्शकों को टीम का यह प्रयास पसंद आएगा. वेब सीरीज का लेखन, निर्देशन, निर्माण और संपादन प्रसनजीत महतो ने किया है. छायांकन की जिम्मेदारी शिव शंकर ठाकुर ने संभाली. ध्वनि संयोजन तुषार कांगड़कर, रूप सज्जा प्रीतम मन्ना और दृश्य प्रभाव का काम रोहित कुमार ने किया है.




