
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित इन्कैब (केबल कंपनी) के मजदूरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. हरिहर महतो की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में झामुमो नेता महाबीर मुर्मू और झारखंड श्रमिक संघ के महासचिव शैलेंद्र मैथी उपस्थित थे. बैठक में कंपनी प्रबंधन की मनमानी पर मजदूरों ने आक्रोश जताया और एकजुट होकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया. बैठक में मजदूरों ने अपनी समस्याएं रखीं और प्रबंधन के रवैये की कड़ी निंदा की. महावीर मुर्मू ने बताया कि विगत दिनों उप श्रम अधीक्षक, जमशेदपुर को कंपनी प्रबंधन के साथ द्विपक्षीय वार्ता आयोजित कराने के लिए आवेदन दिया गया था. (नीचे देखे पूरी खबर)

तय समय सीमा बीत जाने के बावजूद अब तक उप श्रम आयुक्त कार्यालय द्वारा प्रबंधन के साथ वार्ता कराने की कोई पहल नहीं की गई है, जिससे मजदूरों में असंतोष व्याप्त है. उन्होंने कहा कि जब भी मजदूर अपने हक और अधिकार के लिए आवाज उठाते हैं, कंपनी प्रबंधन आंदोलन को कमजोर करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाता है. उन्होंने मजदूरों से अपील की कि प्रबंधन की किसी भी चाल में आए बिना आपसी एकता और विश्वास के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाना होगा, तभी न्याय संभव है.कंपनी गेट पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन का निर्णयसर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि यदि प्रबंधन और प्रशासन ने जल्द सकारात्मक रुख नहीं अपनाया, तो कंपनी गेट के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा. आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन और उप श्रम अधीक्षक कार्यालय की होगी.मौके पर नारायण सोरेन, संजय शर्मा, तपन दास, कादे मुर्मू, बाली मार्डी, सतीश चंद्र, किशोर सिंह, राजकिशोर गोराई, राजकुमार नाग, सबिता दास, श्याम लाल, दुबराज हांसदा, ऐनेम नाग, रमकण टुडू, उदय पूर्ति, कानू राम बेसरा, आनंद श्रीवास्तव, मनोज तांती, दुर्गा हांसदा, मृत्युंजय यादव, बबलू टुडू, सुभाष चंद्र महतो, माधव चंद्र महतो, सोनाराम टुडू, गुरुचरण हांसदा, जसाई मुर्मू और हेमंत कुमार हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे.




