जमशेदपुर : जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर निवासी दिवंगत वकील राकेश रौशन की पत्नी निशा सिंह ने आज एसएसपी से मुलाकात कर उनसे अपने दो बच्चों एवं पति के क्वार्टर पर कब्जा दिलाने की गुहार लगायी. निशा सिंह तीन महीने पूर्व पति के निधन के बाद से ही अपनी संतानों एवं पति का क्वार्टर को पाने के लिए पुलिस प्रशासन सहित दर-दर की ठोकरें खा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

पीड़िता निशा सिंह ने बताया कि उसके पति राकेश रौशन का विगत 30 नवंबर, 2022 को टीएमएच में ब्रेन हेमरेज के कारण निधन हो गया था. लेकिन पति के निधन का दुख झेल भी नहीं पायी थी कि पति की दत्तक पुत्री प्राची रौशन, उसका पति सूरज कुमार व उसके अन्य संबंधियों ने संपत्ति के लालच में न सिर्फ उसके पति के गोविंद पुर स्थित क्वार्टर (230/2/7) में ताला जड़ दिया, बल्कि उसके दो नाबालिग बच्चों, बेटा आर्यन स्पर्श (12) एवं बेटी अनुष्का सृष्टि (11) को भी अपने साथ लेकर चले गये. तब से क्वार्टर के साथ ही दोनों बच्चे भी उनके कब्जे में हैं. वे लोग उसे क्वार्टर में भी नहीं घुसने देते और वह पड़ोसियों की दया पर जिंदा है. (नीचे भी पढ़ें)
निशा ने बताया कि पति के निधन के बाद से ही वह अपने बच्चों एवं क्वार्टर को पाने के लिए थाना-पुलिस से लेकर समाज के लोगों तक दौड़ लगा-लगाकर थक गयी है, लेकिन कोई भी उसकी मदद नहीं कर रहा है. निशा ने बताया कि आज उसने एसएसपी से इसी सिलसिले में मिलने पहुंची थी. लेकिन एसएसपी ने भी उसकी बात सुन कर कोर्ट से न्याय मिलने की बात कर लौटा दिया. निशा ने रुंधे गले से कहा कि संपत्ति के लालच में उसके बच्चों के साथ कोई गलत हरकत भी की जा सकती है, जिसको लेकर वह डरी हुई है, लेकिन उसकी न पुलिस मदद कर रही है और न ही कोई और उसकी मदद के लिए सामने आ रहा है.



