
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर थाना अंतर्गत माझीटोला निवासी सुदीप मंडल (31) के एमजीएम अस्पताल में मौत के बाद पत्नी ने जमकर हंगामा किया. इस दौरान पत्नी ने ससुराल पक्ष के लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. लगभग एक घंटे के हंगामे के बाद मामला शांत हुआ. सुदीप इंडियन आर्मी में हवलदार के पद पर कार्यरत था, उसकी पोस्टिंग श्रीनगर में थी. वह दो माह पहले ही घर आया था. बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहा था. परिजन उसे इलाज के लिए टी एम एच ले गए जहां बेड की कमी के कारण उन्हें भर्ती नहीं लिया गया. वहां से परिजन उसे सदर अस्पताल के ले गए वहां से भी सभी खाली हाथ लौट गए. अंत में एमजीएम अस्पताल लाने के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक सुदीप की पत्नी ने बताया कि उसकी शादी उसके पड़ोस में ही रहने वाले सुदीप मंडल से नवंबर 2019 में हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करते थे. शादी के चार माह बाद वह अपने पति के साथ अलग होकर मायके में रहने लगे. इस बीच कई बार विवाद भी हुआ. दो माह पहले पति छुट्टी लेकर घर आए थे. दोनो ने अपना घर बनाने के लिए जमीन भी ले लिया था. आज उनके पति के मौत के बाद ससुराल वाले उसे देखने आए है. इधर ससुराल पक्ष का कहना है कि लड़की के घर वालों ने सुदीप की तबीयत खराब होने वाली बात नही बताई न ही उसकी मौत की खबर दी गई.




