जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा की रहने वाली एक युवती रेशमा सोरेन के साथ एक महिला विमला मुखी ने मारपीट की है. इस मारपीट में रेशमा सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गई है. उसे उसकी मां ने सोमवार को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया. घायल रेशमा सोरेन मानसिक रूप से विक्षिप्त है. वह अपनी मां के साथ स्लैग रोड में किराए पर रहती है. रेशमा सोरेन की मां ने बताया कि विमला मुखी अपने आपको महिला समिति का अध्यक्ष बताती है. घायल रेशमा सोरेन की मां ने बताया कि एक दिन उसकी बेटी के पास विमला मुखी आई और 2 हजार मांगे. (नीचे भी पढ़ें)
रेशमा सोरेन ने रुपए देने से मना किया. उसके साथ मारपीट की. इसके बाद रेशमा सोरेन ने यह घटना आकर अपनी मां को बताई और विमला मुखी के पास जाकर पूछा कि उसके साथ क्यों मारपीट की गई है. इतना सुनते ही विमला मुखी आग बबूला हो उठी और उसने पास में रखी प्लास्टिक की कुर्सी उठाकर रेशमा सोरेन को पीटना शुरू कर दिया. फिर पटक पटक कर मारा. आस-पास मौजूद लोग तमाशबीन खड़े रहे. रेशमा सोरेन की मां ने बताया कि क्षेत्र के मुखिया से उन्होंने मामले की शिकायत की है. रेशमा उठ नहीं पा रही थी. चल नहीं पा रही थी. इसलिए, उसे अस्पताल लाया गया है. अब पुलिस से भी शिकायत की जाएगी.




