जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के बिष्टुपुर परिसर में शनिवार को कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन हुआ. योग विभाग की एमए द्वितीय सेमेस्टर की छात्राओं ने चंदन तिलक के साथ सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं छात्राओं का स्वागत किया. कार्यक्रम की शुरुआत छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ किश्वर आरा, कुलसचिव राजेंद्र जायसवाल, कुलानुशासक डॉ सुधीर कुमार साहू, परीक्षा नियंत्रक डॉ रमा सुब्रमण्यम, व्यावसायिक पाठ्यक्रम समन्वयक डॉ अन्नपूर्णा झा, खेल एवं संस्कृति विभागाध्यक्ष डॉ सनातन दीप, राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ ग्लोरिया पुर्ती एवं योगाचार्य शुभाशीष भादुड़ी के संयुक्त तत्वावधान में दीप प्रज्वलन के साथ हुई. (नीचे भी पढ़ें)

सभी अतिथियों को पौधा देकर सम्मानित किया गया. व्यावसायिक पाठ्यक्रम समन्वयक (सीवीसी) डॉ अन्नपूर्णा झा ने अपने स्वागत भाषण में योग के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा योग को जीवन में उतारकर हम शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं. उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों का ध्यान भी योग की ओर आकर्षित हो रहा है. योग के प्रोटोकॉल का अभ्यास अतिथि योगाचार्य सुभाषित भादुड़ी ने किया. (नीचे भी पढ़ें)

योग के विभिन्न इवेंट में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को आज पुरस्कार प्रदान किये गए. योग नृत्य की प्रस्तुति एमए योग के चतुर्थ सेमेस्टर की छात्राओं ने किया. मंच संचालन योग विभाग के रविशंकर नेवार एवं शाश्वती मैती ने एवं धन्यवाद ज्ञापन राष्ट्रीय सेवा योजना की समन्वयक डॉ ग्लोरिया पुर्ती ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में योग विभाग के विद्यार्थियों, एनसीसी, एनएसएस, पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों एवं होस्टल की छात्राओं का विशेष योगदान रहा.











