जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के शैक्षणिक सत्र 2023 के लिए पीएचडी प्रवेश परीक्षा आगामी 25 जून को दो पालियों में आयोजित की जायेगी. विश्वविद्यालय प्रशासन ने शनिवार को परीक्षा की समय सारिणी घोषित कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से शनिवार को पीएचडी प्रवेश परीक्षा की समय सारिणी जारी की गयी. इसके अनुसार विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की वर्तमान नियमावली के अनुसार तय मानकों का अनुपालन करते हुए आयोजित होने जा रही यह परीक्षा आगामी 25 जून को दो पालियों में आयोजित होगी. इसमें पहली पाली पूर्वाह्न 11 बजे से 12 बजे तथा द्वितीय पाली दोपहर 12.45 बजे से 2.15 बजे तक आयोजित होगी. समय सारिणी के अनुसार प्रथम पाली के लिए परीक्षार्थियों की रिपोर्टिंग टाइम 10 बजे जबकि द्वितीय पाली के लिए 12.15 बजे होगा. बीच में 12 से 12.15 तक 15 मिनट का ब्रेक भी होगा.
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ अंजिलागुप्ता ने पीएचडी की प्रवेश परीक्षा संपन्न कराने के लिए गठित समिति एवं परीक्षा विभाग को बधाई देते हुए शोध केंद्रित संस्थान के लक्ष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. उनके अनुसार यह यूजीसी के वर्तमान प्रावधानों के अनुरूप यूनिवर्सिटी की पहली पीएचडी प्रवेश परीक्षा है तथा क्षेत्र विशेष की छात्राओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शोध का प्रथम चरण है. उन्होंने बताया कि वे सभी छात्राएं प्रथम जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी रिसर्च एंट्रेंस टेस्ट (जेडब्ल्यूआरईटी 2023) में शामिल हो पाएंगी, जिन्होंने निर्धारित तिथि तक इसके लिए आवेदन किया था.











