जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग की ओर से विश्व जनसंख्या दिवस 2026 पर समारोह का आयोजन हुआ. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. इसके पश्चात कुलपति डॉ एला कुमार ने अपने उद्घाटन संबोधन में विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जनसंख्या से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए जन-जागरूकता, शिक्षा, सतत विकास, लैंगिक समानता तथा उत्तरदाई नागरिकता की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने छात्राओँ को एक समावेशी एवं सतत समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने तथा उनकी रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पावर पॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतिभागियों ने जनसंख्या वृद्धि, सतत विकास एवं समाज के भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने ज्ञान, विश्लेषण-क्षमता, रचनात्मकता एवं नवाचारी विचारों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं की पावर पॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता में वाणिज्य विभाग की प्रियांशी गोप प्रथम, अर्थशास्त्र विभाग की सुमेधा द्वितीय एवं अंग्रेजी विभाग की तन्नू कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं, वाद-विवाद प्रतियोगिता में अर्थशास्त्र विभाग की श्रेया सिन्हा प्रथम, बीएससी गणित की अंकिता महतो को द्वितीय एवं वाणिज्य विभाग की प्रियांशी गोप तृतीय स्थान पर रहीं. इसी तरह पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में अंग्रेजी विभाग की तन्नू कुमारी प्रथम, वाणिज्य विभाग की धात्री पॉल द्वितीय एवं हिंदी विभाग की प्रियंका शॉ व संजना कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं. इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही, जिसने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं सामाजिक जागरूकता के प्रति प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित किया. कार्यक्रम के अंत में विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.







