चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की जुगीतोपा पंचायत के रेंगाड़ पहाड़ी गांव स्थित खोड़ी पहाड़ी पहाड़ पूजा करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. इस पहाड़ पूजा का आयोजन खोड़ी पहाड़ी संस्कृति रक्षा समिति के तत्वावधान में हुआ. सर्वप्रथम 12 मौजा के ग्राम प्रधानों ने परंपरागत तरीके से पहाड़ पूजा कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की, इसके पश्चात ग्रामीणों ने श्रद्धा पूर्वक पहाड़ पूजा की. पूजा के अवसर पर मेला लगा है और ग्रामीण पूजा करने के पश्चात मेला का लुत्फ उठाया. ग्रामीणों का मानना है कि पहाड़ पूजा करने से अच्छी बारिश होती है, क्षेत्र में बेहतर खेती-बाड़ी होती है और लोग खुशहाल रहते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

कमेटी द्वारा रविवार को विविध नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा और विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा. बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती भी अपने समर्थकों के साथ पहाड़ पहुंचे. वहां उन्होंने श्रद्धा पूर्वक पूजा अर्चना कर क्षेत्र के लोगों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. मौके पर श्री मोहंती ने कहा कि पहाड़ पूजा झारखंड की संस्कृति और प्रकृति से जुड़ी पूजा है. कमेटी के सदस्य हर वर्ष पूजा का आयोजन कर अपनी संस्कृति को संरक्षित करने का सराहनीय कार्य करते हैं. उन्होंने कहा कि पहाड़ पूजा के अवसर पर सभी ग्रामीण आपसी एकता और भाईचारे का मिसाल पेश कर श्रद्धा पूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से पूजा करते हैं जो सभी धन्यवाद के पात्र हैं. मौके पर कमेटी के धनंजय करुणामय, अमर हांसदा, बैजनाथ माहली, अमल माहली, धर्मदास हांसदा, जगन्नाथ महतो, राजा बारिक, बलराम महतो, कृति महतो, राहुल महतो, राम बास्के समेत अन्य उपस्थित थे.







