जमशेदपुर : रांची स्थित सरला बिरला यूनिवर्सिटी रांची एवं झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के झारखंड स्टेट फैकल्टी डिवलपमेंट एकेडमी (जेएसएफडीए) के संयुक्त तत्वाधान में सोमवार 5 अक्टूबर से शुक्रवार 9 अक्टूबर तक फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन हो रहा है. एआइ एंड एमएल फॉर एजुकेटर्स कन्सेप्ट्स, टूल्स एंड प्रैक्टिकल इंप्लीमेंटेशन विषय पक आयोजित हो रहे उक्त कार्यक्रम में जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो इला कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. राज्य सरकार की ओर से प्रो इला कुमार को एआइ मैपिंग की जिम्मेवारी सौंपी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी ने इस पर खुशी जताते हुए बताया है कि कुलपति प्रो कुमार एआइ के प्रयोग को लेकर निरन्तर प्रयत्नशील हैं. यूनिवर्सिटी सूत्रों ने बताया कि कुलपति प्रो कुमार ने एआइ एवं एम एल फॉर एजुकेटर्स कन्सेप्ट्स, टूल्स एण्ड प्रैक्टिकल इंप्लीमेंटेशन विषय पर विस्तारपूर्वक अपने विचार रखे. उन्होंने अपने वक्तव्य में एआइ की शक्ति और इसके नवीनतम विकास के बारे में जानकारी दी. उन्होंने डाइमेंशनलिटी एनालिसिस, सरकार की नीति ‘एआइ फॉर ऑल’ और मशीन लर्निंग मॉडल्स के प्रशिक्षण में निष्पक्षता की बात की. उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षक विद्यार्थियों की तर्क क्षमता कैसे विकसित करें, यह सिखाना चाहिए, ताकि वह अपने रोजमर्रा के जीवन की समस्याओं का सरलता पूर्वक सामना कर सकें. इस दिशा में विद्यार्थियों को जागरूक भी रहने की आवश्यकता है. इस कार्यक्रम में झारखंड के सभी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फैकल्टी सम्मिलित हुए.




