जमशेदपुर : बागबेड़ा पुलिस ने शनिवार को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संजयनगर पुलिया के पास छापामारी कर एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से 140 पुड़िया गांजा बरामद किया है, जबकि घटना के समय उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. इस संबंध में बागबेड़ा थाना में एसआइ नीरा तिग्गा के बयान पर मामला दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह दुर्गापूजा मैदान के पास रहने वाले मो अनवर हुसैन (38 वर्ष) और परसुडीह थाना क्षेत्र के खासमहल निवासी रमेश कुमार को आरोपी बनाया गया है. इनमें से मो अनवर हुसैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि रमेश कुमार की तलाश जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
बागबेड़ा थानेदार गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि संजयनगर पुलिया के पास गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना मिलते ही उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन कर मौके पर भेजा. पुलिस टीम को देखते ही एक आरोपी फरार हो गया, जबकि मो अनवर को मौके पर ही दबोच लिया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से 140 पुड़िया गांजा बरामद हुआ है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. प्रारंभिक पूछताछ में गांजा की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
थानेदार गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि इलाके में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.




