जमशेदपुर : अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी द्वारा जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज स्थित आदिवासी हॉस्टल परिसर में “छात्रों की गूंज” छात्र संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष नवनीत मिश्रा ने की. इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे. मुख्य वक्ता राजेश ठाकुर छात्रों को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश में लगातार हो रहे पेपर लीक ने लाखों होनहार छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है. नीट, एनइटी और एसएससी जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में हुई धांधली के लिए सीधे तौर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जिम्मेदार हैं. नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने आगे कहा कि आज देश का युवा इतिहास की सबसे भयानक बेरोजगारी का सामना कर रहा है. छात्र-छात्राएं दिन-रात पढ़ाई कर डिग्रियां हासिल कर रहे हैं, लेकिन नौकरी के नाम पर सरकार केवल जुमले परोस रही है. युवा कांग्रेस छात्रों के हक और अधिकार के लिए सड़क से लेकर सदन तक निर्णायक लड़ाई लड़ेगी. कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ताओं के रूप में शामिल जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश तिवारी, प्रदेश महासचिव विजय यादव और प्रदेश प्रतिनिधि प्रिंस सिंह ने भी अपने विचार रखे. सभी वक्ताओं ने देश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों पर गहरी चिंता जताई तथा छात्रों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया. कार्यक्रम का संचालन ज्योति कुमार मिश्र ने किया. संवाद के दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक समस्याओं और भविष्य की चिंताओं को नेताओं के समक्ष खुलकर रखा. इस अवसर पर युवा कांग्रेस के प्रमुख कार्यकर्ता शुभम शुक्ला, विकास मुखी, भोला यादव, रवि रंजन कुमार, शिवांग कुमार ठाकुर, नीरज साहू, शेख साजिद, संतोष रजक, चंदन सिंह, अशरफ अंसारी, हरिराम टुडू, अजय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे.




