
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत न्यू केबल टाउन से होकर गुजरने वाले हाईटेंशन तार के टावर पर एक सिरफिरा युवक अचानक से चढ गया और बिजली का तार खोलने लगा. वैसे सिरफिरे के करतूत को देखकर आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई. वहीं मामले की जानकारी मिलते ही गोलमुरी थाना की पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि सभी इस बात से हैरान हैं, कि आखिर यह सिरफिरा यहां चढ़ा कैसे.
बताया जाता है, कि हाईटेंशन टावर पर चढ़ने वाला मानसिक रूप से विक्षिप्त है और इलाके में घूमता फिरता रहता है. मंगलवार दोपहर अचानक वह हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया. हालांकि ग्रिड से बिजली काट दी गई है और सिरफिरे को उतारने का प्रयास जारी है. उक्त युवक किसी तरह हाईटेंशन तार के टावर पर चढ़ा तो किसी ने नहीं देखा क्योंकि उस तरफ कोई व्यक्ति नहीं था. जब वह आधा से ज्यादा चढ़ गया और लोगों ने उसको उतरने के लिए बोला तो वह उतरने के बजाय सबसे ऊपर पहुंच गया. इसके बाद उसको उतारने के लिए लोग हल्ला करने लगे.
उसको किसी तार में करंट नही लगा क्योंकि वह पहले अर्थिक के तार को ही पकड़ लिया था. किसी तरह बिजली विभाग और डीवीसी की लाइन को काटने के लिए पुलिस ने खबर की. आनन-फानन में बिजली को काटा गया, जिसके बाद पुलिस और आम आदमी उसको उतारने की कोशिश कर रहे है. अब उसको उतारा कैसे जाये, इसके लिए लोग मशक्कत कर रहे है. डर यह है कि अगर कोई नीचे से ऊपर चढ़ेगा तो वह कहीं कूद ना जाये.

इसके अलावा उसकी हरकत से बड़ा हादसा ना हो जाये, यह भी डर है. फिलहाल, लोगों की भीड़ लगी हुई है. पुलिस उसको उतारने की कोशिशें कर रही है. पुलिस मामले को लेकर फायर ब्रिगेड को भी बुलाया है.















