
चाईबासा : जिले के चक्रधरपुर अनुमंडल अंतर्गत नक्सल प्रभावित कराईकेला थाना क्षेत्र के नकटी, इंद्रवा, कंसरा व पोड़गा गांव के विभिन्न स्थानों और दुकानों के बाहर बीती रात भाकपा माओवादियों द्वारा पोस्टर व बैनर लगा कर गांव में दहशत फैलाने की कोशिश की गयी. भाकपा माओवादियों के द्वरा बैनर, पोस्टर में पुलिस प्रशासन समेत आरएसएस व भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा गया है कि- ब्राह्मणीय हिंदुत्ववादी फासीवादी और धर्मीय अल्पसंख्यक सहित किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान, प्रगतिशील बुद्धिजीवियों एवं प्रबुद्ध नागरिक एकजुट होकर अपनी आवाज को बुलंद करें.

साथ ही ऑपरेशन ग्रीन हंट बर्बर युद्ध अभियान को परास्त व ध्वस्त कर छापामर युद्ध व जनयुद्ध को तेज करने का आह्वान किया गया है. वहीं भाकपा मावादियों ने भारतीय क्रांति के महान नेता कामरेड चारु मजूमदार, कामरेड कन्हाई चटर्जी समेत छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना व आंध्रप्रदेश के वीर शहीदों को लाल सलाम लिखा है. इस घटना की जानकारी मिलने से कराईकेला पुलिस हरकत में आयी जिन स्थानों पर बैनल, पोस्टर लगाये गये थे, वहां पहुंच कर बैनर व पोस्टर उखाड़ कर अपने कब्जे में ले लिया. वहीं कराईकेला पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

ज्ञात हो की भाकपा माओवादियों द्वारा शहीद सप्ताह दिवस मनाये जाने की सूचना है, जिस कारण आये दिन माओवादियों द्वारा जिले के विभिन्न गांवों में पोस्टरबाजी कर दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है. मालूम हो की रविवार की रात्रि मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पोसैता व घाघरा रेलवे क्रोसिंग व आसपास के हिस्सों में नक्सलियों ने बैनर, पोस्टर लगा कर लोगो में दहशत का माहौल बनाया था.















