
जमशेदपुर : वैश्विक महामारी कोरोना के कारण लोगों के जीवन शैली में बड़ा बदलाव आया है. एक ओर जहां कोविड-19 के तहत जारी गाइडलाइन को देखते हुए देश भर के जिम और हेल्थ सेंटरों के अलावे पार्क आदि बंद पड़े हैं. वहीं लोगों के व्यायाम करने का तरीका भी बदल गया है. लोगों का रुझान अब साइकलिंग की ओर देखा जा रहा है. वैसे फिटनेस को लेकर लेकर जमशेदपुर में साल 2017 से स्टील साइक्लो संस्था समय- समय पर लोगों को साइकिलिंग के प्रति जागरूक करती रही है. कोरोना महामारी के दौर में आम लोगों का भी ध्यान साइकलिंग की ओर बढ़ा है. रविवार को संस्था की ओर से 100 किलोमीटर साइकिलिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई. जिसमें लगभग 45 प्रतिभागियों ने भाग लिया. वैसे इस प्रतियोगिता में सुरक्षा के सभी पहलुओं का विशेष ध्यान रखा गया. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)

यह प्रतियोगिता जमशेदपुर से सरायकेला होते हुए चाईबासा उसके बाद वापस फिर जमशेदपुर तक के लिए आयोजित किया गया. एक-दो प्रतिभागियों को छोड़ लगभग सभी प्रतिभागियों ने इसे सफलतापूर्वक पूरा किया. आयोजकों ने बताया कि संस्था की ओर से साइकिलिस्टो के स्वास्थ्य से लेकर सुरक्षा का विशेष प्रबंध रखा जाता है. यदि किसी की साइकिल पंचर हो जाती है या कोई चोटिल हो जाते हैं तो उन्हें प्रॉपर ट्रीटमेंट भी देने की व्यवस्था साथ में चलती है. वही आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता में आम लोगों का भी भरपूर सहयोग मिलता है. कुल मिलाकर संस्था का मानना है, कि शरीर को स्वस्थ रखने और सोशल डिस्टेंसिंग के लिहाज से साइकलिंग एक बेहतर विकल्प है. इसे और अधिक बढ़ावा देने की जरूरत है.















