जमशेदपुर : झारखंड आंदोलनकारी संगठन की ओर से झारखंड राज्य के जनक एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में कहा गया है कि स्वर्गीय शिबू सोरेन ने झारखंड राज्य के गठन के लिए लंबे समय तक राजनीतिक एवं सामाजिक संघर्ष किया. उन्होंने आदिवासी-मूलवासी, शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया और सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा दी. झारखंड आंदोलन के दौरान उनका योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रहा है. पत्र में उल्लेख किया गया है कि शिबू सोरेन तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे तथा केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं. (नीचे भी पढ़ें)

उनके नेतृत्व में झारखंड की अस्मिता को राष्ट्रीय पहचान मिली. उनके विचारों और संघर्षों के कारण ही झारखंड के आम जनमानस में स्वाभिमान और अधिकार की चेतना विकसित हुई. ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से आग्रह किया गया है कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के लंबे राजनीतिक-सामाजिक संघर्ष और उनके अतुलनीय योगदान को देखते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाए. संगठन ने कहा कि यह सम्मान न केवल शिबू सोरेन के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी, बल्कि झारखंड की जनता के संघर्षों का भी सम्मान होगा. इस मांग के समर्थन में झारखंड आंदोलनकारियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर भी ज्ञापन में शामिल हैं.











