रांची : झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा है कि सरकार की संवेदनशीलता राज्य की जनता के साथ-साथ यहां के पशुओं के लिए भी है. इसी के तहत पहले गौ मुक्तिधाम, फिर रेस्क्यू वेहिकल का कार्य किया गया. इसी क्रम में पशु चिकित्सा की बेहतरी के लिए राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालय में मोबाइल वेटनरी का संचालन करने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए इएमआरआइ ग्रीन हेल्थ सर्विसेज का चयन किया गया है. यह एजेंसी देश के अन्य राज्यों में भी इस तरह का कार्य करता आ रहा है. इनके सहयोग से राज्य सरकार राज्य के पशुधन की सेहत की बेहतरी के लिए कार्य कर सकेगी. (नीचे भी पढ़े)
श्री बादल गुरुवार को नेपाल हाउस स्थित अपने कक्ष में झारखंड स्टेट इंप्लीमेंटिंग एजेंसी फॉर कैटल एंड बफैलो डेवलपमेंट, रांची के सीईओ प्रवीण झा और इएमआरआइ ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के निदेशक के कृष्णम राजू के बीच हुए एमओयू के उपरांत लोगों को संबोधित कर रहे थे. श्री बादल ने बताया कि विभाग द्वारा आधुनिक सुविधाओं से लैस 236 एम्बुलेंस खरीदे जा रहे हैं, जो ग्रामीणों के पालतू पशुओं की चिकित्सा संबंधी समस्या के समाधान के लिए उपलब्ध रहेंगे. उन्होंने कहा कि मोबाइल वेटनरी के लिए सरकार जल्द ही एक हेल्पलाईन नंबर जारी करेगी. (नीचे भी पढ़े)
श्री बादल ने कहा कि इएमआरआइ ग्रीन हेल्थ सर्विसेज द्वारा इस योजना के तहत पशु शल्य चिकित्सक, पैरावेट, ड्राइवर सहित आधुनिक सुविधाओं से लैस 236 एम्बुलेंस कार्यरत रहेंगे. इससे राज्य के किसानों और उनके पशुओं को तो लाभ मिलेगा ही साथ ही साथ पशु शल्य चिकित्सक, पैरावेट, ड्राइवर की नियुक्ति से रोजगार के भी अवसर मिलेंगे. इस अवसर पर कृषि एवं पशुपालन विभाग के सचिव अबू बक्कर सिद्दीकी ने बताया कि इएमआरआइ ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के साथ एम्बुलेंस एक्सटेंसन सर्विस के लिए एमओयू किया गया है. इनके द्वारा पशु चिकित्सा किसानों के घर पर पहुंचकर किया जाएगा. साथ ही जो टॉल फ्री नंबर जारी किया जाएगा उसपर कॉल आने के आधे घंटे के अंदर एम्बुलेंस किसानों के घरों पर जाकर पशुओं का इलाज करेगी.(नीचे भी पढ़े)
इस कार्य के लिए सेंट्रलाइज्ड कॉल सेंटर बने होंगें और साथ ही प्रत्येक प्रखंड में एक एम्बुलेंस उपलब्ध रहेगा. एमओयू के अवसर पर कृषि एवं पशुपालन विभाग के सचिव अबू बक्कर सिद्दीकी, झारखंड स्टेट इंप्लीमेंटिंग एजेंसी फॉर कैटल एंड बफैलो डेवलपमेंट, रांची के सीईओ प्रवीण झा इएमआरआइ ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के निदेशक के कृष्णम राजू समेत विभागीय पदाधिकारी एवं इएमआरआइ ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के पदाधिकारी उपस्थित थे.











