
रांची : झारखंड एटीएस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. झारखंड एटीएस ने राज्य के गैंगस्टर्स को हथियारों की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यो को गिरफ्तार किया है. एटीएस ने इनके पास से 35 देसी पिस्टल बरामद किया है. एटीएस ने इन्हे तब गिरफ्तार किया जब सभी बिहार के गया जिले के शेरघाटी में हथियारों का सौदा करने आए थे. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गया जिले के गरुवा थाना निवासी रंजन कुमार, शेरघाटी निवासी चंदन कुमार, दानिश इकबाल और मो तौहिद उर्फ रफत शामिल है. (नीचे देखे पूरी खबर)

पूछताछ के क्रम में एटीएस को जानकारी मिली कि आरोपियों द्वारा गया के हरेंद्र यादव द्वारा गैंगस्टर अमन साहु गिरोह एवं अन्य अपराधिक गिरोह को हथियार की सप्लाई की जा रही है. अनुसंधान के क्रम में ही एटीएस को सूचना मिली की शेरघाटी में हथियारों की खरीद बिक्री होने वाली है. सूचना मिलते ही टीम का गठन कर छापेमारी की गई और सभी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपियों द्वारा उत्तर प्रदेश से हथियारों की तस्करी कर उसे झारखंड और बिहार के अपराधियों को सप्लाई किया जाता है. उत्तर प्रदेश के मुबारक अंसारी गिरोह द्वारा हथियारों की सप्लाई गया के हरेंद्र यादव और अरमान मलिक गैंग को की जाती है. हरेंद्र और अरमान मलिक हथियारों को झारखंड के अमन साहू गैंग, चतरा के लल्लू खान गैंग के अलावा अन्य अपराधियों को हथियार सप्लाई करता है. पकड़ाए गए अभियुक्तों के द्वारा झारखंड के कई जिलों में वाहनों की लूट, छिनतई और कई अपराधिक घटनाओं को भी अंजाम दिया जा चुका है. एटीएस ने हाल ही में नक्सलियों, अपराधियों और आतंकियों के नेटवर्क को तोड़ने में कामयाबी हासिल की है. इस सफलता के पीछे एटीएस के एसपी प्रशांत आनंद का हाथ है, जो अभी जमशेदपुर में बतौर सिटी एसपी काम कर चुके है.





