गिरीडीह : रांची में होने वाले अरदास कीर्तन में भाग लेने जा रहे सिख समुदाय के श्रद्धालुओं को ले जा रही बस हजारीबाग के टाटीझरिया के सिवाने पुल के पास भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गयी. यह बस सिवाने पुल से नीचे 30 फीट गहरे नदी में जा गिरी, जिसमें करीब 52 लोग सवार थे. इसमें से 5 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि बाकि सारे लोग गंभीर रुप से घायल है, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है. बताया जाता है कि गिरीडीह से एक लंबी शिवशक्ति बस पर सवार होकर 52 यात्रियों का जत्था रांची जा रहा था, जहां उन लोगों को सिख समुदाय के अरदास कीर्तन में हिस्सा लेना था. इसी बीच पुल पर बस अनियंत्रित हो गयी और बैरिकेडिंग तोड़ते हुए पुल से नीचे बस जा गिरी, जिससे घटनास्थल पर ही चार लोगों की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. सभी को हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दुर्घटना काफी भयावह थी, जिस कारण गैस कटर से शवों और घायलों को बाहर निकाला जा सका है. कई घायलों को रांची ले जाया जा रहा है.






