धनबाद : धनबाद जिले के टुंडी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यकर्ता शंकर प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शंकर प्रसाद ग्राम रक्षा दल से ड्यूटी कर देर रात अपने घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनपर गोलीबारी कर दी. बताते चले कि शंकर धनबाद जिला वनवासी कल्याण केन्द्र के जिला कार्य प्रमुथ थे. (नीचे भी पढ़ें)
मंगलवार की रात वे शहरपुरा जा रहे थे. इस दौरान दुमा कब्रिस्तान के पास अज्ञात अपराधियों ने उनपर सामने से 6 गोलियां मारी. घटना की जानकारी सुबह ग्रामीणों को हुई जब उन्होंने शंकर के शव को खून से लथपथ देखा. मामले की जानकारी होते ही पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद गिरिडीह के पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय, संघ कार्यकर्ता मोती लाल मुर्मू ने हत्यारों के अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं परिजनों का आरोप है कि बाहर से शूटरों को बुलाकर उनकी हत्या करवाई गई. शंकर प्रसाद पुलिस को सूचनाएं देते थे और सामाजिक कार्य में लगे हुए थे. इस कारण ही उनकी हत्या की गई है.




