
रांची/गिरीडीह/हजारीबाग : छठ पूजा की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक घटना की खबर आयी. गिरीडीह जिले के मंगरोडीह गांव में एक साथ दो परिवार के चार बच्चों की मौत नदी में डूबने से हो गयी. मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह 10 बजे छठ पर्व के दौरान खरना पूजा के लिए गांव की महिलाएं नदी पर स्नान कर रही थी. इस दौरान महिलाओं के साथ गांव के मदन सिंह की 10 साल की बेटी सुहाना कुमारी, टिंकू सिंह की बेटी सोनाक्षी कुमारी और महेश सिंह का 12 साल का बेटा मुन्ना कुमार भी नहाने गये हुए थे. नहाने के क्रम में पांचों बच्चे नदी के गहरे पानी में चले गए. इस दौरान महिलाएं घर वापस लौट गयी, लेकिन नदी में डूबे बच्चों की कोई जानकारी परिजनों को नहीं मिल पायी थी. इसी दौरान नदी से लौटे एक बच्चे ने घटना की जानकारी गांव वालों को दी. इसके बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया. जिसे सूचना मिली वही नदी की ओर दौड़ पड़ा. इस दौरान ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद पहले दो बच्चों को गहरे पानी से निकाला. इन बच्चों को गिरीडीह के नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां दोनों को मृत बताया गया. इसी बीच दो और बच्चों को भी बाहर निकाला गया. जानकारी के अनुसार गांव के ही श्याम सिंह की नतिनी दीक्षा कुमारी पर्व मानने नाना घर आयी हुई थी. इसी दौरान यह हादसा हुआ. दूसरी ओर, हजारीबाग के बरही में 14 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई. छठ पूजा को लेकर घर व गांव में हर्षोल्लास के बीच हिमांशु कुमार सुबह में शौच के लिए तालाब के निकट गया था, जहां उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में डूब गया. ग्रामीणों ने बच्चे को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने हिमांशु कुमार को मृत घोषित कर दिया.













