
धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में बड़ी घटना घटी है. धनबाद जिले के सिंदरी स्थित डिनोबली स्कूल में बुधवार को दसवीं के छात्र की उसके ही सहपाठियों ने क्लास में ही पीटकर मार डाला. इतनी निर्ममता से दसवीं के छात्रों ने अपने ही सहपाठी की पिटाई कर दी कि उसकी मौत हो गयी. इस घटना के बाद से परिवार पर दुख के बादल टूट गया है. वहीं, पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है. बुधवार की दोपहर में घटना तब सामने आयी, जब बच्चा पूरी क्लास के सामने अचानक से बेहोश हो गया. उसको आनन-फानन में धनबाद के सरकारी मेडिकल कॉलेज एसएनएमएमसीएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया. सीसीटीवी की जांच की जा रही है, जिसमें यह बातें सामने आयी है कि स्कूल के ही छात्रों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी थी, जिससे उसकी मौत हुई है. अभिभावकों का कहना है कि उनके बच्चे के साथ स्कूल के भीतर ही मारपीट की गयी. सहपाठियों के बीच बेंच पर बैठने को लेकर क्लास में ही मारपीट की गयी. बच्चों ने इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसकी मौत हो गयी. मृतक बच्चे के दिल के पास वार कर दिया गया था, जिसमें उसकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया, पैर कांपने लगे, थोड़ी देर में ही वह बेहोश होकर गिर गया, जिसके बाद छात्र ने दम तोड़ दिया. पुलिस मामले की जांच कर ही है. स्कूल प्रबंधन ने बताया कि बच्चा पूरी क्लास के सामने अचानक बेहोश हो गया. परिजनों को सूचना देने के बाद बच्चे को प्राथमिक इलाज के लिए भेजा गया. स्कूल में प्राथमिक उपचार के बाद छात्र को धनबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिवार को इसकी जानकारी दी गयी. शहीद निर्मल महतो मेमोरियल कॉलेज एवं अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में दौड़ते हुए परिजन पहुंचे तो उसकी मौत हो गयी थी. मां और घरवालों का रो रोकर बुरा हाल हो गया. हर किसी की आंखें नम हो गयी. मृत छात्र के पिता प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि मौत का कारण तो पता नहीं, लेकिन बच्चे के सहपाठियों ने बताया कि उसके बेटे के साथ मारपीट की गयी है. पिता ने कहा कि स्कूल की लापरवाही से यह मौत हुई है. छात्रों ने पिता को बताया कि सहपाठी बच्चों द्वारा उसके बेटे को परेशान किया जा रहा था. उसके साथ मारपीट की गयी. पिता ने बताया कि उनका बेटा स्कूल जाना नहीं चाहता था, लेकिन फिर वह स्कूल चला गया. स्कूल जाने के बाद यह घटना घटी. परिजनों ने बताया कि उनके बेटे की हत्या कर दी गयी है. दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए. छात्र का परिवार ओड़िशा का रहने वाला है. पिता एलआइसी के एजेंट हैं. स्कूल प्रबंधक माइकल जॉन फर्नांडीस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है. अभी कुछ साफ नहीं कहा जा सकता है. स्कूल के शिक्षकों ने बताया है कि बच्चे की तबीयत अचानक से खराब हो गयी, जिसके बाद पांच मिनट में वह बेहोश हो गया. इसके बाद उसे इलाज के लिए भेजा गया. इसमें उसकी मौत हो गयी. प्राचार्य चंद्रशेखर फ्रांसिस ने कहा कि बीमारी से छात्र की मौत हुई है. बच्चा लंच कर जैसे ही उठा, वह जमीन पर गिर गया, मौत के कारणों की जांच की जा रही है.






