रांची : झारखंड की राजधानी रांची में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गयी है. भोपाल स्थित आइसीएआर एनआएसएडीइएच में रांची के बिरसा वेटनरी कॉलेज के पोल्ट्री फार्म के मुर्गों की जांच की गयी थी, जिसमें पोल्ट्री फार्म के मुर्गों के नमूनों में एच5एन 1 इंफ्लुएंजा की पुष्टि हुई है. इस घटना में लगभग 150 मुर्गियां और करीब एक दर्जन बटेरों की मौत हो चुकी है. पोल्ट्री फार्म में रखी गई चाइनीज मुर्गियों में बीमारियों के लक्षण दिखे और उनकी तुरंत मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद वेटनरी कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग ने भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान को सैंपल भेजे. जांच में एवियन इन्फ्लूएंजा (एच5एन1) यानी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है. इसको लेकर पूरे राज्य में सतर्कता के आदेश दे दिये गये है. बताया जाता है कि सभी जिलों में ऐसे संदिग्ध केस का सीधे सैंपल लेकर नमूना भेजने को कहा गया है. रांची स्थित उक्त पोल्ट्री फार्म के आसपास के एरिया में छिड़कांव किया जा रहा है ताकि किसी तरह का फैलाव नहीं हो पाये.



