रांची : दिल्ली के श्रद्धा हत्याकांड की ही तरह झारखंड में भी हत्या की एक घटना प्रकाश में आयी है. यह दिल दहला देने वाली घटना झारखंड के साहिबगंज की है जहां श्रद्धा की तरह एक व्यक्ति ने अपनी दूसरी पत्नी की हत्या कर उसके शव के कई टुकड़े कर दिये. उसके बाद उसके बॉडी पार्ट्स को अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है. जानकारी के अनुसार, यह मामला साहिबगंज जिले का बताया जा रहा है, जहां आदिम पहाड़िया जनजाति की रुबिका पहाड़िन नाम की महिला का उसके पति दिलदार अंसारी ने पहले तो हत्या कर दी और उसके शव के कई टुकड़े कर दिया. साहिबगंज पुलिस के अनुसार, मृतका रुबिका पहाड़िन दिलदार अंसारी की दूसरी पत्नी थी और पति के साथ बेलटोला स्थित घर पर रहती थी. वह कुछ दिनों से लापता चल रही थी. उसके घर वालों ने थाने में रुबिका की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. (नीचे भी पढ़ें)
मामले में बोरियो पुलिस ने बताया कि महिला का क्षत-विक्षत शव बीती शाम संथाली मोमिन टोला स्थित एक पुराने घर से मिला. पुलिस ने बंद घर और उसके बाहर से महिला के शव के कई अंग बरामद किये. पुलिस के अनुसार, नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे से महिला रबिका पहाड़िन के पैर को कुत्तों द्वारा नोचते ग्रामीणों ने देखा था, जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी बोरियो पुलिस को दी. पुलिस अनुमान लगा रही है कि महिला की हत्या के बाद उसके शव को इलेक्ट्रिक कटर जैसी किसी धारदार चीज से काटा गया है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.













