
दुमका : भाजपा द्वारा झारखंड की सरकार को तीन माह में गिरा देने की दी गयी चेतावनी के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि यह राजनीतिक बयानबाजी है. भाजपा चाहती है कि पैसे के बल पर सरकार को खरीद सकती है, लेकिन उनको मालूम नहीं है कि जनता का सबसे बड़ा धन उनके पास है. जनता ही जनार्दन है और जनता ने ही सरकार बनायी है. जनता का अनादर का हमेशा से देश के कई राज्यों में भाजपा ने सरकार गिराया है, लेकिन झारखंड की सरकार पूरा तटस्थ है और पूरे दम के साथ पांच साल तक रहने वाली है. खुद भाजपा को देखना होगा कि कहीं उनका ही चेहरा या अध्यक्ष बदल नहीं जाये. उसको बचाकर रखने की जरूरत है. दुमका में हेमंत सोरेन ने यह बातें मीडिया से बातचीत के दौरान कहीं. हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा को यह भ्रम हो गया है कि देश में उनकी पार्टी की ही सरकार बन सकती है. दूसरी पार्टियों की सरकार अगर बनती है तो उसको गिरा देंगे क्योंकि उनके पास काफी पैसे है और सबको खरीद सकते है. ऐसा संभव नहीं है, पैसे से जनता को नहीं खरीदा जा सकता है. भाजपा को पैसे का घमंड हो गया है तो केंद्र सरकार के माध्यम से हम लोगों को डराकर और धमकाकर अगर राज करना चाहती है तो यह मंशा उनकी पूरा नही होने वाली है.













