रांची : झारखंड को बेहतर दिशा देने के लिए बेहतर व्यवस्था देनी होगी. हमारा प्रयास व्यवस्था को सुदृढ़ करना है जिससे आपको कर्त्तव्य पथ पर व्यवस्था से कोई परेशानी न हो. उक्त बातें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को धनबाद के गोविंदपुर स्थित जैप-3 के परेड ग्राउंड में आइआरबी-9 के पारण परेड को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने प्रशिक्षु आरक्षियों में जोश एवं उत्साह का संचार करते हुए उन्होंन कहा कि उन्होंने अपना बुनियादी प्रशिक्षण सफलता पूर्वक पूरा कर लिया है और अब वे कर्तव्य पथ पर चलने को तैयार हैं. अब उन्हें सरकार के अभिन्न अंग के रूप में अहम जिम्मेवारियां निभानी हैं. ऐसे में उनका प्रशिक्षण उनके आत्मबल एवं जवाबदेही को सही तरह निभाने में सक्षम बनायेगा. इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु जवानों के आकर्षक मार्च पास्ट का निरीक्षण किया एवं सलामी ली. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्यमंत्री ने जवानों से कहा कि उन्हें कर्तव्य जीवन में अब तक के प्रशिक्षण से अलग भी कई चुनौतियों का सामना करना होगा और उसमें जोखिम भी होगा. ऐसे में उन्हें अपने बुद्धि-विवेक एवं प्रशिक्षण के बल पर उन्हें सफलता पूर्वक निपटाना होगा. उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था और अपराध तथा उग्रवाद नियंत्रण के क्षेत्र में उन्हें अहम जिम्मेदारी निभानी है. ऐसे में वे अपने कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएं, ताकि राज्य में अमन -चैन, शांति और सौहार्द का माहौल बना रहे. (नीचे भी पढ़ें)

महिला सशक्तीकरण की मजबूत पहल मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस बल के साथ अन्य क्षेत्रों में भी महिलाओं की बढ़ती भागीदारी साबित करती है कि महिलाएं भी अब पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं. इसे उन्होंने महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक मजबूत पहल करार देते हुए इसे राज्य और देश के लिए सुखद बताया. बताते चलें कि जैप-3 प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित पारण परेड में कुल 512 प्रशिक्षुओं ने हिस्सा लिया, जिनमें 182 महिलाएं शामिल थीं.



