
सरायकेला : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन फुफेरे भाई किशोर टूडू की मौत के बाद उनके दशकर्म में शामिल होने सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल के चाकुलिया गांव पहुंचे. उनके साथ उनके पिता और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष गुरुजी शिबू सोरेन भी मौजूदछ थे. पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी. इधर चाकुलिया पहुंचने पर मुख्यमंत्री को जिला प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत फुफेरे भाई किशोर टुडू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा सुप्रीमो शिबू सोरेन ने भी श्रद्धांजलि देकर शोक में डूबे परिजनों को ढांढस बंधाया. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के फुफेरे भाई किशोर टूडू का असामयिक निधन 9 फरवरी को हो गया था. दशकर्म कार्यक्रम में ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो समेत झामुमो के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुवाई को लेकर जिला प्रशासन की पूरी टीम उपायुक्त के नेतृत्व में मुस्तैद दिखी. करीब एक घंटे तक रहने के बाद वे वापस लौट गये. हवाई मार्ग से वे लोग वहां पहुंचे थे.






