रांची : झारखंड कांग्रेस के तीन विधायकों को जल्द कांग्रेस में वापसी हो सकती है. इन तीन विधायकों में डॉक्टर इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप शामिल है. इस फैसले का खुलासा अगले दो सप्ताह में कांग्रेस आला कमान द्वारा कर दिया जायेगा. इस बात की पुष्टी विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने दी है. उन्होंने बताया है कि तीनों के निलंबन को वापस लेने का फैसला किया गया है. गौरतलब है कि तीनों विधायकों को पश्चिम बंगाल में 30 जुलाई 2022 को कार से 49 लाख रुपये नकद बरामद किया गया था, जिसके बाद उन तीनों विधायकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
30 जुलाई 2022 को पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिला अंतर्गत पंचला थाना के रानी हाट में झारखंड के कांग्रेस पार्टी के तीन विधायक डॉ इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी को बंगाल पुलिस ने 49 लाख 98 हजार 300 रुपये के साथ गिरफ्तार किया था. इसके बाद रांची के अरागोड़ा थाने में बेरमो से कांग्रेस के ही विधायक जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने जीरो एफआइआर कराया. इस एफआईआर में उन्होंने बताया कि सरकार गिराने के एवज में उन्हें पैसे का ऑफर दिया गया था. तीनों विधायकों को इसी एफआईआर के आधार पर बंगाल पुलिस ने जेल भेज दिया था.



