
जमशेदपुर : झारखंड राज्य सहकारी बैंक के कर्मचारी आंदोलित है. बैंकों के कर्मचारियों ने बैंक के चेयरमैन अभयकांत प्रसाद को एक ज्ञापन सौंपा है और साफ तौर पर चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो वे लोग आंदोलन को तेज करेंगे. बुधवार को झारखंड राज्य सहकारी बैंक कर्मचारी संघ के तत्वाधान में कर्मचारियों के मुद्दों पर 5 सूत्री मांग पत्र संघ के अध्यक्ष चंदन प्रसाद एवं महासचिव राजीव रंजन के नेतृत्व में बैंक के अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद को सौपा गया. इन लोगों ने मांग की है कि बैंक कर्मियों के विसंगति पूर्ण ग्रेड पे को सुधार कर बढ़ोतरी किया जाये, वर्षों से लंबित कर्मचारियों को प्रोन्नति दिया जाये, बैंक में रिक्त पड़े पदों पर आइबीपीएस के माध्यम से बहाली की जाये, कर्मचारियों को मेडिक्लेम एवं ग्रुप इंश्योरेंस का लाभ दिया जाये और सेवा नियमावली एवं स्थानांतरण नीति तैयार किया जाये. इन लोगों ने चेतावनी दी है कि उपरोक्त मांगों पर प्रबंधन 02 अक्टूबर 2020 तक विचार नहीं करती है तो बाध्य होकर संघ चरणबद्ध आंदोलन का रूख अख्तियार करेगा। जिसकी सारी जवाबदेही प्रबंधन की होगी. इस मौके पर संघ के सदस्य सुबल चंद्र मंडल, के रमेश राव, संतोष साहू, निखिल बंका, अनिल प्रदीप पन्ना, मुकेश कुमार, मुकेश कुमार साह, राजीव कुमार, लोकेश नाथ तिवारी, रजत कुमार तथा अन्य उपस्थित थे.
















