
रांची : झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में तैनात पुलिसकर्मियों और कैदियों का इलाज जेल में ही किया जाएगा. इसके लिए जेल में अस्थायी कोविड-19 सेंटर खोला जा रहा है. अस्थायी जेल में पर्याप्त मात्रा में बेड, ऑक्सीजन के साथ कोरोना के इलाज की अन्य व्यवस्था की जा चुकी है. इसके साथ ही जेल परिसर स्थित इस अस्पताल में कैदियों व पुलिसकर्मियों के लिए आइसोलेशन सेंटर भी तैयार कर लिया गया है. आइसोलेशन सेंटर में संक्रमित कैदियों का इलाज भी शुरू कर दिया गया है. वहीं केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के बाद जेल आईजी वीरेंद्र भूषण की ओर से सभी जेल अधीक्षकों को जेल में ही कोरोना के उपचार हेतु पूरी व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ जेल के संक्रमित कैदियों के लिए गाइडलाइंस का अनुपालन करना, नियमित तौर पर मास्क पहनना, शारीरिक दूरी का पालन करने के लिए कैदियों और स्टाफ को जागरूक किया जाएगा. लक्षण दिखाई देने पर कैदियों व पुलिसकर्मियों को आइसोलेशन में रहना होगा. वहीं परिजनों को मुलाकात के लिए वीडियो कॉन्फेंसिंग के माध्यम से कैदी संपर्क कर सकते हैं. आमने-सामने मुलाकात नहीं होगी. जेल में संक्रमण से बचाव के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा, जिसके तहत कैदियों और स्टाफ की स्क्रीनिंग, तापमान और लक्षण की समीक्षा की जाएगी. संक्रमितों के स्वास्थ्य का ट्रैक रिकॉर्ड रखा जाएगा और नियमित तौर पर टेस्ट भी किया जाएगा. वहीं जेल का नियमित तौर पर सैनिटाइजेशन और वहां वैक्सीनेशन किया जाएगा.



