देवघर : देवघर जिले के मधुपुर थानांतर्गत पिपरासोल में गुरुवार सुबह अज्ञात अपराधियों ने महुआडाबर मध्य विद्यालय, मधुपुर के प्रधानाध्यापक संजय कुमार दास की बम से मार कर हत्या कर दी. श्री दास झारखंड प्राइमरी शिक्षक संघ के दुमका प्रमंडलीय उप महासचिव भी थे. (नीचे भी पढ़ें)

मिली जानकारी के अनुसार संजय कुमार दास गुरुवार सुबह अपनी स्कूटी से स्कूल के मिड डे मील के लिए आवश्यक सामान लाने के लिए नवाडीह की ओर जा रहे थे. इसी दौरान स्कूल से करीब सौ मीटर दूर जाते ही पहले से घात लगाये अपराधियों ने उन पर अचानक उन पर बम से हमला कर दिया. बताया गया कि अपराधियों ने उन पर एक के बाद एक, दो बम फेंके, जिनकी जद में आ जाने के कारण उनका चेहरा क्षत-विक्षत हो गया एवं उनकी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई. दूसरी ओर उन पर बम से हमला करने के बाद अपराधी पैदल ही वहां से रफूचक्कर हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों के अनुसार बम का धमाका इतना तेज था कि आसपास का पूरा इलाका दहल गया. बम की आवाज एवं हत्या की खबर सुनने के बाद घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. घटना के आधे घंटे के अंदर ही एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद, पुलिस निरीक्षक त्रिलोचन तामसोय भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कराई. पुलिस फिलहाल गांव में ही कैंप कर रही है.














