देवघर: देवघर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-8 अंतर्गत चंदाजोरी गांव में वर्षों से उपेक्षित पड़े सार्वजनिक कुएं के सफाई एवं जीर्णोद्धार कार्य की शुरुआत शुक्रवार से कर दी गई. यह कार्य वार्ड पार्षद मंजू देवी के प्रयास और नगर निगम के उप महापौर टिप चटर्जी के सहयोग से शुरू हुआ है. गांव में लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई थी,जिसके कारण ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था. कुएं के पुनर्जीवन से अब लोगों को काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद जगी है.बताया जाता है कि चंदाजोरी गांव पूरी तरह ड्राई जोन क्षेत्र में आता है. गर्मी बढ़ने के साथ ही यहां जलस्तर काफी नीचे चला जाता है, जिससे हैंडपंप और अन्य जलस्रोत भी जवाब देने लगते हैं. ऐसे में ग्रामीणों के सामने पेयजल का संकट गहराने लगता है. स्थानीय लोगों ने कई बार सार्वजनिक कुएं की सफाई और मरम्मत की मांग उठाई थी. ग्रामीणों की इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए वार्ड पार्षद मंजू देवी ने पहल की और उप महापौर टिप चटर्जी से सहयोग की मांग की.(नीचे भी पढ़े)

उप महापौर टिप चटर्जी ने सरकारी प्रक्रिया और सहायता का इंतजार किए बिना निजी सहयोग से इस कार्य को शुरू कराने में तत्परता दिखाई. कुएं की सफाई के साथ साथ उसके चारों ओर सुरक्षा और उपयोग की दृष्टि से आवश्यक मरम्मत का कार्य भी कराया जा रहा है. स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों बाद किसी जनप्रतिनिधि ने उनकी मूलभूत समस्या को गंभीरता से समझा है. समाजसेवी संजीव राय ने कहा कि भीषण गर्मी में पानी की समस्या से गांव के लोग बेहद परेशान थे. ऐसे समय में उप महापौर टिप चटर्जी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए निजी स्तर पर सहयोग कर सराहनीय कार्य किया है. उन्होंने पूरे वार्डवासियों की ओर से उप महापौर और वार्ड पार्षद के प्रति आभार व्यक्त किया.ग्रामीणों का कहना है कि कुएं के चालू हो जाने से महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक राहत मिलेगी,क्योंकि अब उन्हें पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना नहीं पड़ेगा. लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए इसी तरह पहल होती रहेगी. वहीं दूसरी और डिप्टी मेयर टिप चटर्जी अपने वादे को पूरा करने की दिशा में कदम आगे बढ़ा चुकी है और उक्त कुंआ से चंदाजोरी प्राथमिक विद्यालय को पाइप के माध्यम से पानी पहुंचाने की भी कवायद तेज होगी.






