देवघर: देवघर नगर निगम के सफाई कर्मियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल का दुष्प्रभाव अब निगम क्षेत्र के विभिन्न चौक चौराहों में दिखने लगा है. सभी जगहों पर गंदगी और कचरे का अंबार लगा हुआ है. इतना ही नहीं आवगमन करनें वाले मुख्य सड़कों पर कचरे बेतरतीब तरीके से जहां-तहां बिखरे पड़े है. मुख्य सड़क मार्ग से आवागमन करने वाले यात्री भी गंदगी और बिखरे कचरे पर पांव रख कर सड़क पर चलने के लिए मजबूर हैं.इतना ही नहीं शहर के झरना चौक और पुराने प्राइवेट बस स्टैंड वाली सड़क का हाल तो और भी खराब है. सारठ देवघर मुख्यमार्ग पर कचरा बिखरा हुआ है. यहां सड़क के किनारे व्यवसाय करनें वाले फुटकर व्यवसायियों की मानें तो कुछ असामाजिक तत्वों ने जान बूझकर सड़क में कचड़े को लेकर इधर उधर सड़क पर फेंक दिया है. हम लोग मना भी किये तो कहा कि जिला प्रशासन हम लोगों से काम करवा कर हम लोगों का वेतन समय पर नहीं देता है, हम लोगों का पीएफ और ईपीएफ का पैसा अभी तक नहीं मिला है इसलिए आप लोग चुप रहिए.(नीचे भी पढ़े)

वहीं लक्ष्मी मार्केट के रास्ते मन्दिर जाने वाले मार्ग की हालत भी बहुत खराब है यहां भी चारों तरफ गंदगी और कूड़े कचरे से भरा हुआ है. यात्री नाक बंद कर शहर की सरकार और प्रशासन के प्रति नकारात्मक विचार रख कर निंदा करते दिखते हैं. वहीं लोगों की मानें तो देवघर जैसे तीर्थ स्थल में निगम के कर्मियों की हड़ताल वाजिब नहीं है,जिस शहर में प्रत्येक दिन हजारों श्रद्धालु बाबा बैधनाथ के दर्शन पूजन के लिए पहुंचते हैं उस बाबा नगरी का यह नारकीय दृश्य उचित नहीं है.बताते चलें कि निगम के सफाई कर्मी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चित कालीन हड़ताल पर हैं, ऐसे में बाबा नगरी की साफ सफाई की व्यवस्था पूरी तरह थम गई है. वैसे बीते शुक्रवार को निगम के उपमहापौर टिप चटर्जी ने नगर निगम के कर्मचारी नेता से वार्ता भी किया, किंतु वर्तमान में इसका कोई समाधान होता नहीं दिख रहा है.वहीं सफाई कर्मियों ने अभी पुनःअपनी मांगों को लेकर एक रैली निकाली और जिंदाबाद मुर्दाबाद के नारा लगाते दिखे. वहीं लोगों की मानें तो इन लोगों के द्वारा कचरे को सड़क पर बिखराया गया. वहीं लोगों ने कहा कि निगम कार्यालय के प्रति इनका यह आक्रोश है.







