धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में एक बार फिर से छात्रों द्वारा दिए जा रहे धरना में प्रशासन ने लाठियां बरसायी है. इस घटना में भाजयुमो के रामगढ़ जिला प्रभारी अभिषेक सिंह के सिर पर गंभीर चोटे आई है, जिससे उनका सिर फट गया. वहीं एक छात्रा भी घायल हुई है. इस घटना के बाद भाजयुमो और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उपायुक्त कार्यालय के बाहर बैठकर धरना देने लगे. इसी बीच धनबाद एसएसपी मौके पर पहुंचे. उनके पहुंचते ही छात्रों ने उन्हे घेर लिया और प्रशासन हाय-हाय के नारे लगाने लगे. छात्रों ने सड़क पर लेटकर सड़क को पूरी तरह से जाम कर दिया है. इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग चुकी है. इस जाम से कई बड़े प्रशासनिक अधिकारी फंस गए है. वे सड़क जाम के कारण अपने कार्यालय नहीं जा पा रहे है. स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की संख्या में बढ़ोतरी की गई है. फिलहाल स्थिति पुलिस की काबू से बाहर है. आपको बता दें कि शुक्रवार को डीसी ऑफिस में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा बीस सूत्री समिति की बैठक कर रहे थे. इंटर में फेल किये गये छात्र-छात्राएं डीसी ऑफिस पहुंच गयी और स्वास्थ्य मंत्री से मिलने के लिए जद्दोजहद करने लगे. इसको लेकर नारेबाजी होने लगी. इसके बाद छात्राओं और छात्रों को पीटकर डीसी ऑफिस से बाहर निकाल दिया गया था. एसडीओ ने ऐसी कार्रवाई की थी, जिसके खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लोग पहुंचे तो उनकी भी लाठियों से पीटा गया. वैसे शनिवार को भाजपा ने धनबाद बंद आहूत की थी.







