
रांची/नयी दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (इडी) ने झारखंड की आइपीएस अधिकारी प्रिया दुबे के पति संतोष कुमार दुबे पर नकेल कसा है. संतोष कुमार दुबे पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज करते हुए यह कार्रवाई की गयी है. प्रिया दुबे के पति आरपीएफ के डीआइजी है. उनका रांची और दिल्ली में करीब 1.46 करोड़ की मकानों को जब्त किया गया है. रांची के अशोक नगर स्थित 30 लाख कीमत के प्लॉट को जब्त किया गया है. वहीं, दिल्ली के कॉमर्शियल और रेसिडेंसियल फ्लैट को भी जब्त किया है, जिसकी कीमत 72 लाख 40 हजार रुपये बतायी जा रही है. रांची के रेसिडेंशियल ग्रीन व्यू हाइट्स से एक फ्लैट को जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 43 लाख 85 हजार 400 रुपये बतायी जाती है. सीबीआइ ने इस मामले में 10 जुलाई 2013 को संतोष कुमार दुबे और अन्य के खिलाफ एफआइआर दायर की थी. सीबीआइ ने यह जांच की थी कि प्रिया दुबे और संतोष दुबे द्वारा वर्ष 1998 से 2013 के बीच आय से अधिक संपति जुटायी है. दोनों दंपति ने मिलकर 1 करोड़ 57 लाख 27 हजार रुपये की आय थी, लेकिन उनके पास 2.65 करोड़ रुपये की संपत्ति मिली है. सीबीआइ ने पाया था कि दोनों ने अपनी आये से 1.48 करोड़ रुपये अधिक कमायी की, जिसके बाद उनके खिलाफ मनी लांड्रिंग का केस दायर किया गया है. संतोष कुमार दुबे ने अपनी पत्नी प्रिया दुबे और पिता शंकर दयाल दुबे के नाम पर अधिकांश प्रोपर्टी खरीदी गयी है. आगे की जांच में यह भी पाया गया है कि प्रिया दुबे और संतोष कुमार दुबे के पास झारखंड के जमशेदपुर शहर में भी काफी अघोषित संपत्ति है और उसको खपाने वाला कोई स्थानीय व्यापारी ही है. इसकी भी जांच की जा रही है.




