हजारीबाग: हजारीबाग जिले के बड़कागांव और इचाक, बरही, बरकट्ठा, चूरचु और दारू प्रखंड के इलाकों में हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया. जिससे ग्रामीण डरे-सहमे हुए हैं. फसलें तबाह हो चुकी हैं और कई मकानों को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचा है. हाथियों का झुंड बार-बार आबादी वाले इलाकों में लौट रहा है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं.करीब 25 हाथियों का एक बड़ा झुंड बीते कई दिनों से बड़कागांव और आसपास के इलाकों में तबाही मचा रहा है. इनमें कई छोटे हाथी भी शामिल हैं. (नीचे भी पढे)
अब तक दर्जनों एकड़ फसलें बर्बाद हो चुकी हैं. धान, मक्का, सब्जी की खेती पूरी तरह से तबाह हो गई है. कई गरीब ग्रामीणों के घर भी हाथियों ने तोड़ दिए हैं. ग्रामीण रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं. बच्चों और महिलाओं में भय का माहौल है. लोग काम पर भी सही से नहीं जा पा रहे. खेतों में काम बंद है, स्कूल जाने वाले बच्चों को भी घरों में ही रोक लिया गया है. वन विभाग के अधिकारी एके परमार के अनुसार विभाग लगातार इस झुंड को आबादी से दूर करने की कोशिश में जुटा है. झुंड को चतरा बॉर्डर की तरफ कर दिया गया है. ग्रामीणों की मदद के लिए विभाग की क्यूआरटी टीम रोजाना शाम 7 बजे से मौके पर तैनात रहती है.



