
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके धालभूमगढ़ में प्रस्तावित एयरपोर्ट को लेकर लगे पेंच को दूर करने की पहल शुरू कर दी गयी है. इस कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की. आपको बता दें कि रघुवर दास जब मुख्यमंत्री थे, तब ही इस एयरपोर्ट को बनाने के लिए शिलान्यास किया गया था. डबल इंजन की सरकार के रहते यह दावा किया जा रहा था कि जल्द ही इसको बना लिया जायेगा. लेकिन ऐसा नहीं हुआ और यह मामला लटक गया. धालभूमगढ़ एयरपोर्ट को लेकर वन विभाग की आपत्ति है जबकि कई अन्य पेंच भी है. इस माामले को लेकर इससे पहले जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने भी संसद में आवाज उठायी थी. लेकिन यह मामला लटका हुआ है. इस कारण अब पूर्व मुख्यमंत्री ने मामले को लेकर कदम उठाये है. इससे पहले एलिफेंट कोरिडोर होने का कारण बताते हुए वन विभाग के प्रस्ताव के आधार पर एयरपोर्ट बनाने के प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था. धालभूमगढ़ एयरपोर्ट निर्माण को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि इस एयरपोर्ट का बनना जरूरी है क्योंकि तीन राज्य बंगाल, ओड़िशा के साथ झारखंड को भी इससे काफी लाभ होगा. इसकी सारी अड़चनों को दूर करने की मांग रखी गयी. इस दौरान यह आश्वासन दिया गया कि सारे पेंच को दूर कर एयरपोर्ट को बनाया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)

रेल मंत्री से मिले रघुवर
दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की. उनको बताया कि रांची-टाटा भाया कांड्रा रेल लाइन के सर्वे का काम उनकी सरकार के समय पूरा कर लिया गया था. इसके निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने का आग्रह किया. इसके अलावा जमशेदपुर से दानापुर ट्रेन को बक्सर तक करने का आग्रह किया. रेल मंत्री ने सहमति जताते हुए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया. इनके साथ ही पूर्वा एक्सप्रेस को रामपुरहाट-दुमका-जसीडीह मार्ग से चलने, दुमका से नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन, गोड्डा-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस का दुमका तक विस्तार, विक्रमशिला एक्सप्रेस को दुमका से खोलने तथा दुमका-जामताड़ा नई रेल लाइन की मंजूरी का आग्रह किया। रेल मंत्री जी ने जल्द निर्णय का भरोसा दिलाया.















