चतरा: झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक बोर्ड) द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट की परीक्षा में एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया है. आरोपी युवक प्रिंस कुमार (22) हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के जोको गांव का रहने वाला है, जो चतरा के टंडवा स्थित वनांचल इंटर कॉलेज के परीक्षार्थी रोहित कुमार साव के स्थान पर शनिवार को परीक्षा दे रहा था. आरोपी प्रिंस को वीक्षकों द्वारा जांच के दौरान पकड़ा गया. प्राप्त जानकारी अनुसार फर्जी परीक्षार्थी को परीक्षा में कदाचार के मामले में गिफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं बताया जा रहा है कि जिसकी जगह पर आरोपी परीक्षा देने आया था उसका नाम रोहित कुमार साव है, जो महाकुंभ में स्नान के लिए प्रयागराज गया हुआ था. इस मामले में वीक्षकों की तत्परता से फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गया. बताया जाता है कि आरोपी युवक अपने दोस्त की परीक्षा लिखने के लिए चतरा गया था, जहां वह पकड़ा गया. फिलहाल फर्जी परीक्षार्थी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.


