रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर: जिला प्रशासन के निर्देशानुसार बंदगांव प्रखंड के सभी 13 पंचायतों में मंगलवार को अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित मकानों में ‘गृह प्रवेश’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर लाभुकों ने अपने नए घरों में प्रवेश कर खुशी जाहिर की.कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चाईबासा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सन्तोषनी मुर्मू, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी लिली एलोना लकड़ा, प्रखंड विकास पदाधिकारी भीखम कुमार, जिला परिषद सदस्य बसंती पूर्ति एवं विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई उपस्थित रहे.अधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों का दौरा कर लाभुकों के साथ खुशी साझा की. (नीचे भी पढ़े)

इस दौरान कराईकेला पंचायत के गोपालपुर में कुरदेली देवी, लान्डुपोदा पंचायत के राजविजयपुर में मीना देवी तथा हुडंगदा पंचायत के सुबानसाई में जानकी देवी के नवनिर्मित आवासों का विधिवत उद्घाटन किया गया.प्रखंड विकास पदाधिकारी भीखम कुमार ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार अब प्रत्येक माह की 28 तारीख को प्रखंड एवं अंचल स्तर के अधिकारियों की उपस्थिति में ‘गृह प्रवेश’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि आवास निर्माण कार्यों में तेजी आए और योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ जरूरतमंदों तक पहुंचे.(नीचे भी पढ़े)
चाईबासा नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी सन्तोषनी मुर्मू ने कहा कि पक्का मकान गरीब परिवारों के लिए एक बड़ा सपना होता है, जिसे सरकार प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रही है. वहीं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी लिली एलोना लकड़ा ने लाभुकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई ने कहा कि जिन लाभुकों को आवास निर्माण में किसी प्रकार की समस्या आ रही है, वे जानकारी दें, उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी. उन्होंने सभी लाभुकों से जल्द से जल्द आवास निर्माण पूरा करने की अपील की. इस मौके पर कराईकेला मुखिया गीता बानरा, लान्डुपोदा मुखिया कुश पूर्ति, हुडंगदा पंचायत मुखिया लक्ष्मी गागराई, पंचायत सेवक हर्षिकेश नायक, प्रकाश कुमार सहित अन्य प्रखंड कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.



