
रांची: पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी व 1978 हॉकी विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले गोपाल भेंगरा का निधन हो गया है. रांची के गुरुनानक अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हुआ. उनके निधन से झारखंड सहित पूरे देशभर के खेल प्रेमियों में शोक की लहर है. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ट्वीट कर लिखा कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी गोपाल भेंगरा जी के असामयिक निधन का दुःखद समाचार मिला. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें. इससे पहले रविवार को अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था. पूर्व हॉकी खिलाड़ी गोपाल भेंगरा की स्थिति काफी गंभीर थी. डॉक्टर की पूरी टीम उनके इलाज में जुटी हुई थी. उनका इलाज कर रहे न्यूरोलॉजी के डॉक्टर विजय राज ने बताया था कि उनकी हालत नाजुक थी वह रिस्पांस नहीं कर रहे थे। दरअसल, उनके ब्रेन का दाहिना हिस्सा पूरी तरह से डैमेज हो चुका था. साथ ही एक किडनी भी ठीक से काम नहीं कर रही थी.












