गिरीडीह: गिरीडीह जिले के मधुबन स्थित सम्मेद शिखर पारसनाथ तीर्थ के लिए आए मध्य प्रदेश के जैन तीर्थ यात्री की हार्ट अटैक से मौत हो गयी. मृतक महेंद्र जी श्रीमाल मध्य प्रदेश के उज्जैन के रहने वाले थे. उज्जैन से दो सौ जैन तीर्थ यात्रियों का जत्था दो तीन दिन पहले मधुबन पहुंचा था. इस दौरान मंगलवार को सभी तीर्थ यात्री पारसनाथ पहाड़ से वंदना कर नीचे आ रहे थे. आने के बाद सभी अपने अपने कमरे में चले गए. इसके बाद प्लानिंग के अनुसार सभी राजगीर जाने वाले थे.(नीचे भी पढ़े)
इसी क्रम में बुधवार की सुबह मृतक को वाहन में हार्ट का दौरा आया और गाड़ी में ही उनकी मौत हो गयी. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया. लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया. मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्हें शव को उज्जैन ले जाना है. अगर पोस्टमार्टम होता है तो शव को ले जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए वे लोग पोस्टमार्टम नही कराएंगे. जानकारी मिलने के बाद गिरीडीह के जैन समुदाय के लोग घटना स्थल पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढ़ांढस बंधाया.





