
गोड्डा : महगामा नवोदय विद्यालय में नये साल की खुशियां मातम में बदल गयी। आज सुबह स्कूल में एक छात्र की रहस्यमयी स्थिति में मौत हो गयी। प्रथम दृष्टया मामला बाथरूम में गिरकर चोटिल होने का है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। प्राचार्य कौशल कुमार के मुताबिक मृतक अमन सभी बच्चों के साथ टीवी देख रहा था। वह बाथरूम गया और फिर वहीं गिर गया। सिर पर गंभीर चोट के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी। (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना प्राचार्य को मिलते ही तत्काल एंबुलेंस बुलायी गयी। महागामा अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे बच्चे को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से जवाहर नवोदय विद्यालय के तमाम बच्चे सदमे में हैं। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने भी बताया कि प्रथम दृष्टया गिरने और चोट लगने से मौत का मामला प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।











